HomeIndiaमीरा-भाईंदर महानगरपालिका स्कूलों में उत्साह के साथ मनाया गया ‘स्कूल प्रवेशोत्सव’

मीरा-भाईंदर महानगरपालिका स्कूलों में उत्साह के साथ मनाया गया ‘स्कूल प्रवेशोत्सव’

मीरा-भाईंदर। नए शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के शुभारंभ पर सोमवार को मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की सभी स्कूलों में ‘स्कूल प्रवेशोत्सव’ उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। महापौर डिंपल मेहता और उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटील के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का विद्यालय में स्वागत करना, शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाना तथा नए छात्रों को शैक्षणिक मुख्यधारा से जोड़ते हुए नए शैक्षणिक सत्र की प्रेरणादायी शुरुआत करना था। प्रवेशोत्सव के अवसर पर महानगरपालिका की सभी स्कूलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। विद्यार्थियों के स्वागत के लिए रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाई गईं और विभिन्न स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। नए विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनापन और उत्साह बढ़ाने के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के स्वागत हेतु महानगरपालिका के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की भी नियुक्ति की गई थी। स्कूल क्रमांक 08, गोडदेव (इंद्रलोक) में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में महापौर डिंपल मेहता ने स्वयं उपस्थित होकर विद्यार्थियों का स्वागत किया। वहीं, आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा की उपस्थिति में स्कूल क्रमांक 04, काशी में विद्यार्थियों का पुष्पगुच्छ देकर और विभिन्न स्वागत गतिविधियों के माध्यम से अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर महापौर और आयुक्त के हाथों विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया। महापौर डिंपल मेहता ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए महानगरपालिका लगातार प्रयासरत है। स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नियमित उपस्थिति, अनुशासन, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक जागरूकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और कौशल विकास को भी प्राथमिकता देने की सलाह दी, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें। इस अवसर पर नगरसेविका करुणा पाटील, किमया रकवी, नगरसेवक दीपक सावंत, सचिन डोंगरे, विशाल पाटील, अतिरिक्त आयुक्त प्रियंका राजपूत, उपायुक्त (शिक्षा) कविता बोरकर, सहायक आयुक्त (शिक्षा) दीपाली जोशी, मुख्याध्यापक, शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
36 स्कूलों में पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका शिक्षा विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार विभिन्न पहल कर रहा है। महानगरपालिका क्षेत्र की कुल 36 स्कूलों में विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। इनमें 21 मराठी माध्यम, 5 उर्दू माध्यम, 5 हिंदी माध्यम और 5 गुजराती माध्यम की स्कूलें शामिल हैं। इन स्कूलों में पहली से दसवीं कक्षा तक शिक्षा निःशुल्क उपलब्ध है। विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, नोटबुक, स्कूल बैग, पानी की बोतल, स्कूल यूनिफॉर्म, पीटी यूनिफॉर्म, जूते, मोजे और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी मुफ्त प्रदान की जाती है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होता है।
डिजिटल और आधुनिक शिक्षा पर विशेष जोर
विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महानगरपालिका ने 7 अत्याधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी स्कूलों का विकास किया है। सभी स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा कई स्कूलों में टैब लैब और कंप्यूटर प्रयोगशालाएं भी स्थापित की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान, नवाचार क्षमता और कौशल विकास को बढ़ावा मिल रहा है। वर्तमान में मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की स्कूलों में 10 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और कौशल विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। महानगरपालिका शिक्षा विभाग विद्यार्थियों को सक्षम, शिक्षित और प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments