
मुंबई: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जनकल्याण समिति के महाराष्ट्र प्रांत संगठन मंत्री पराग कंगले ने कहा कि संघ का कार्य सनातन विचारधारा के आधार पर राष्ट्र को पुनर्जीवित करना है। उनका कहना था कि हिंदू समाज ही राष्ट्रीय समाज है, और यदि यह समाज बचेगा तो राष्ट्र भी बचेगा। 24 मई को कोंकण प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग का सार्वजनिक समापन समारोह राजा शिवाजी विद्यालय, दादर (पूर्व) में संपन्न हुआ। इस अवसर पर 18 से 42 वर्ष की आयु के 42 शिक्षार्थियों ने वर्ग में प्राप्त प्रशिक्षण जैसे दंड, नियुद्ध, खेल, घोष वादन, समता आदि का प्रदर्शन किया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध गीतकार एवं कवि मनोज शुक्ल (मुंतशिर) थे, जिन्होंने संघ के विचारों के साथ अपने जुड़ाव और देशभक्ति के गीत “तेरी मिट्टी में मिल जावा” के पीछे संघ की प्रेरणा का उल्लेख किया।
पराग कंगले ने उपस्थितों को संबोधित करते हुए बताया कि संघ ने कभी विरोधियों से द्वेष नहीं रखा, बल्कि मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य ऐसे व्यक्तियों का निर्माण करना है जिनमें हिंदू अस्मिता की जागरूकता, राष्ट्रीय चरित्र और देशभक्ति का संचार हो। स्वयंसेवकों को सेवा, सामाजिक समरसता और सामाजिक सद्भाव के सिद्धांतों पर काम करते हुए समाज की एकता को मजबूत करना चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत वर्ग कार्यवाह दीपक शाह ने की। यह वर्ग 9 मई से शुरू हुआ था और समापन समारोह में सभी शिक्षार्थी और आयोजक मौजूद थे।




