नवी मुंबई। नवी मुंबई पुलिस ने एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन में हरियाणा के पानीपत से कुख्यात शूटर सुखा को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी सलमान खान के पनवेल स्थित फार्महाउस पर हमले की साजिश के संबंध में की गई है। सुखा लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हुआ था और इस हमले की साजिश में उसकी प्रमुख भूमिका थी। हमले की साजिश और सुखा की भूमिका पनवेल पुलिस के अनुसार, सुखा ने सलमान खान के फार्महाउस की रेकी की थी और साजिश का हिस्सा बनते हुए योजना बनाई थी। उसने इस काम के लिए अजय कश्यप उर्फ ए.के. और चार अन्य को नियुक्त किया था। उनके द्वारा फार्महाउस की सुरक्षा और सलमान खान की सुरक्षा व्यवस्था का गहन आकलन किया गया। हत्या को अंजाम देने के लिए आधुनिक हथियारों की जरूरत का फैसला किया गया, क्योंकि अभिनेता की सुरक्षा बेहद कड़ी थी और उनके पास बुलेटप्रूफ वाहन थे। पाकिस्तानी हथियार डीलर से संबंध जांच में यह भी पता चला कि सुखा का सीधा संबंध पाकिस्तान स्थित हथियार डीलर डोगर से था। सुखा ने वीडियो कॉल के जरिए डोगर से संपर्क कर अत्याधुनिक हथियारों की डील की। बातचीत के दौरान, डोगर ने शॉल में लिपटे एके-47 और अन्य आधुनिक आग्नेयास्त्र दिखाए, और दोनों के बीच हथियारों की सप्लाई पर सहमति बनी। नवी मुंबई पुलिस की कार्रवाई इस साजिश का पता चलते ही पुलिस ने कार्रवाई तेज की और सुखा को गिरफ्तार करने के लिए पानीपत के सेक्टर 29 में अभिनंदन होटल में छापा मारा। इसके पहले पांच अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन सुखा कई महीनों से फरार था। ट्रांजिट रिमांड नवी मुंबई पुलिस, पानीपत पुलिस के सहयोग से सुखा को अब ट्रांजिट रिमांड के लिए पानीपत कोर्ट में पेश करेगी और उसे पूछताछ के लिए नवी मुंबई लाया जाएगा।