
मीरा-भाईंदर। शहर में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की महापौर डिंपल मेहता और आयुक्त राधाबिनोद ए.शर्मा ने गुरुवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के तहत मेट्रो फ्लाईओवर के नीचे विकसित किए जा रहे आधुनिक उद्यान तथा भाईंदर (पूर्व) में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विस्तृत जायजा लिया गया। इस अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष हसमुख गहलोत, शहर अभियंता दीपक खांबित, कार्यकारी अभियंता नितीन मुकणे, नगरसेवक-नगरसेविकाएं, संबंधित अधिकारी, ठेकेदार एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। महानगरपालिका द्वारा मेट्रो उड्डाणपुल के नीचे उपलब्ध खाली स्थान का जनहित में उपयोग करते हुए आधुनिक उद्यान विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत हरित क्षेत्र, पैदल पथ, ओपन जिम, बैठने की व्यवस्था तथा विभिन्न मनोरंजनात्मक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परियोजना पूरी होने के बाद बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, पालतू पशुओं और आम नागरिकों को स्वास्थ्यवर्धक एवं मनोरंजनयुक्त सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होगा। निरीक्षण के दौरान महापौर डिंपल मेहता ने उद्यान में विकसित की जा रही पगडंडियों, हरियाली, वृक्षारोपण, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, बैठने की सुविधाओं तथा ओपन जिम उपकरणों की गुणवत्ता और सुरक्षा का विस्तार से परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि नागरिकों को सुरक्षित, आकर्षक और उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। इसके साथ ही भाईंदर (पूर्व) स्थित निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया गया। यहां विकसित किए जा रहे बास्केटबॉल कोर्ट, टेनिस कोर्ट, पिकलबॉल कोर्ट और आधुनिक स्विमिंग पूल के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना शहर के खिलाड़ियों, युवाओं और विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। महापौर ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सभी खेल सुविधाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा, रखरखाव व्यवस्था और नागरिकों के उपयोग की सुगमता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सभी कार्य उच्च मानकों के अनुरूप और समय पर पूरे किए जाने चाहिए। आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने संबंधित विभागों को नियमित निगरानी रखने, कार्यों की गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर नागरिकों को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मीरा-भाईंदर शहर को आधुनिक, स्वच्छ और नागरिक-केंद्रित सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उद्यान और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाएं शहर के समग्र विकास और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।



