HomeArchitectureBreakingवेव्स-2027 की तैयारियां अभी से तेज करें, आयोजन में कोई कमी न...

वेव्स-2027 की तैयारियां अभी से तेज करें, आयोजन में कोई कमी न रहे : मुख्यमंत्री फडणवीस

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वैश्विक स्तर की वेव्स-2027 (WAVES 2027) परिषद की तैयारियां अभी से तेज की जाएं। कार्यक्रम की रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियां, बजट, प्रचार-प्रसार, यातायात, तकनीकी व्यवस्थाएं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आयोजन अधिक व्यापक, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के सरकारी निवास ‘वर्षा’ में आयोजित समीक्षा बैठक में वेव्स-2027 की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। बैठक में मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, एमएमआरडीए आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रधान सचिव एवं महानिदेशक ब्रिजेश सिंह सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पहली वेव्स परिषद ने वैश्विक स्तर पर महाराष्ट्र की मजबूत पहचान बनाई है और राज्य के ब्रांड मूल्य को नई ऊंचाई दी है। इसलिए अगले संस्करण को और अधिक भव्य एवं विश्वस्तरीय बनाने के लिए अभी से सुनियोजित तैयारी आवश्यक है। उन्होंने मौसम को ध्यान में रखते हुए परिषद का आयोजन फरवरी या मार्च 2027 में करने का सुझाव भी दिया। उन्होंने प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारियां तय कर सभी कार्यों के लिए निश्चित समय-सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल की योजना, आधारभूत संरचना, ब्रांडिंग, तकनीकी सुविधाएं, प्रोटोकॉल, यातायात व्यवस्था, प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। बैठक में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत करने के लिए सहमति पत्र (एमओयू), संयुक्त समन्वय समिति, साझेदारी मॉडल तथा उद्योग जगत की अधिक भागीदारी पर चर्चा की गई। साथ ही एवीजीसी (एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स) क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए परिषद का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने परिषद के लिए अत्याधुनिक तकनीकी आधारभूत संरचना, मोबाइल आधारित पंजीकरण प्रणाली, एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए विशेष प्रोटोकॉल तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार की रणनीति तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments