
मुंबई। शिधावाटप भरारी पथक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाणे के वंडर मॉल परिसर स्थित Domino’s Pizza स्टोर पर छापा मारकर 4.59 लाख रुपये मूल्य के गैस सिलेंडर जब्त किए। यह जानकारी नियंत्रक शिधावाटप कार्यालय द्वारा दी गई। बुधवार को छापेमारी के दौरान स्टोर के बेसमेंट में विभिन्न तेल कंपनियों के बड़ी संख्या में सिलेंडर अवैध रूप से रखे पाए गए। इनमें HPCL, BPCL, IOC और गो गैस कंपनी के कुल 140 सिलेंडर शामिल हैं। इनमें से 55 भरे हुए और 85 खाली सिलेंडर थे। जब्त किए गए सिलेंडरों की कुल कीमत 4,59,400 रुपये बताई गई है और पूरे माल को सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई अवैध भंडारण और नियमों के उल्लंघन के संदेह के आधार पर की गई। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चितलसर पुलिस थाना के हवाले किया गया है। उसके खिलाफ जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई नियंत्रक शिधावाटप एवं संचालक नागरी पुरवठा, चर्चगेट के आदेश पर तथा उपनियंत्रक शिधावाटप ‘फ’ परिमंडल, ठाणे के मार्गदर्शन में की गई। इस अभियान में भरारी पथक के अधिकारी, शिधावाटप कार्यालय क्र. 41 ‘फ’ ठाणे के कर्मचारी और पुलिस अधिकारी शामिल थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि व्यावसायिक स्थलों पर घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




