HomeMaharashtraकारोबारी से दो करोड़ रुपये की लूट मामले में पुलिस निरीक्षक गिरफ्तार

कारोबारी से दो करोड़ रुपये की लूट मामले में पुलिस निरीक्षक गिरफ्तार

नवी मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले छह लोगों द्वारा एक व्यवसायी से दो करोड़ रुपये लूटने के मामले में एक 55 वर्षीय पुलिस निरीक्षक नितिन भीकाजी विजयकर को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अन्य पांच लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। इस मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 29 मार्च को हुई जब कारोबारी पड़ोसी मुंबई के घाटकोपर में अपने घर से नवी मुंबई के तुर्भे में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) जा रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, छह अज्ञात लोगों ने वाशी इलाके में पाम बीच रोड पर खुद को मुंबई पुलिस का कर्मी बताकर कारोबारी को रोका। उन्होंने कारोबारी को धमकी देते हुए दावा किया कि उन्हें शिकायत मिली है कि उसके पास भारी मात्रा में धन है। इसमें कहा गया है कि उन्होंने कारोबारी से उसे कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए कथित तौर पर दो करोड़ रुपये मांगे और उसे वाशी में एक फ्लैट में ले गए जहां वे कारोबारी को धमकाते रहे और फिर पैसे लेकर फरार हो गए। कारोबारी द्वारा 30 मार्च को दी गई शिकायत के बाद वाशी पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 395, 363, 341, 342, 170, 120बी, 504, 506 और 34 समेत विभिन्न धाराओं के तहत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद पुलिस जांच में इंस्पेक्टर नितिन भीकाजी विजयकर की अपराध में संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद वाशी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आगे की जांच चल रही है। पुलिस आरोपी निरीक्षक से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश करेगी। बताते चलें कि महाराष्ट्र के नवी मुंबई में ठगी की लगातार वारदातें सामने आ रही है।खासकर ठाणे इलाके में हर महीने धोखाधड़ी के कई केस दर्ज किए जाते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments