HomeMaharashtraएसटी के 78वें स्थापना दिवस पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का आह्वान...

एसटी के 78वें स्थापना दिवस पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का आह्वान – ‘स्वच्छ एसटी, हरित एसटी और बचत करने वाली एसटी’ का संकल्प लें

मुंबई। महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के परिवहन मंत्री तथा एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों से “स्वच्छ एसटी, हरित एसटी और बचत करने वाली एसटी” बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया है। स्थापना दिवस के अवसर पर जारी अपने शुभकामना संदेश में मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि “बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय” के मूलमंत्र को अपनाते हुए एसटी ने पिछले 78 वर्षों से महाराष्ट्र के कोने-कोने तक अपनी सेवाएं पहुंचाई हैं। पहाड़ों, दुर्गम आदिवासी क्षेत्रों, ग्रामीण इलाकों, शहरों और महानगरों को जोड़ने वाली लालपरी केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक जीवन की जीवनरेखा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि एसटी की इस गौरवशाली यात्रा के पीछे लाखों अधिकारी, कर्मचारी, चालक-परिचालक, सेवानिवृत्त कर्मचारी और करोड़ों यात्रियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कठिन परिस्थितियों और संकट के समय भी एसटी कर्मचारियों ने निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं, जिसके लिए वे सम्मान के पात्र हैं। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एसटी परिवार द्वारा इस वर्ष 78 हजार वृक्ष लगाने का संकल्प लिया गया है। सरनाईक ने कहा कि राज्य के प्रत्येक डिपो, बस स्टेशन और कर्मचारी को इस अभियान में सहभागी बनना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और “एक वृक्ष – एक जीवन” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में एसटी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने “स्वच्छ एसटी – सुंदर एसटी” अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। राज्यभर के बस अड्डों, बस परिसरों, एसटी बसों और चालक-परिचालकों के विश्रामगृहों की नियमित सफाई तथा रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना एसटी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। महामंडल की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए इंधन बचत को भी प्राथमिकता दी जा रही है। मंत्री सरनाईक ने बताया कि प्रत्येक डिपो को प्रतिदिन कम से कम पांच लीटर डीजल बचाने का लक्ष्य दिया गया है। छोटी-छोटी बचतों से बड़े आर्थिक परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। इससे न केवल महामंडल की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी, बल्कि खर्चों में भी कमी आएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि आधुनिक तकनीक, डिजिटल सुविधाओं, वित्तीय अनुशासन, हरित परिवहन और उत्कृष्ट यात्री सेवा के माध्यम से एसटी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। स्थापना दिवस के अवसर पर मंत्री प्रताप सरनाईक ने एसटी परिवार के सभी अधिकारी-कर्मचारियों, चालक-परिचालकों, सेवानिवृत्त कर्मियों और राज्य के यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, महाराष्ट्र के विकास में अधिक प्रभावी योगदान देने के लिए “स्वच्छ एसटी, हरित एसटी और बचत करने वाली एसटी” के संकल्प को साकार करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments