
नई दिल्ली:(New Delhi) लैंगिक समानता पर ऑस्ट्रेलिया की राजदूत स्टेफनी कोपस-कैंपबेल के नेतृत्व में 6 लोगों के एक ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को दिल्ली महिला आयोग की ‘181’ महिला हेल्पलाइन का दौरा किया।
दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल और सदस्य वंदना सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। गणमान्य व्यक्तियों को 181 महिला हेल्पलाइन के कामकाज और संचालन के बारे में जानकारी दी गई।
181-महिला हेल्प लाइन एक 24*7 हेल्पलाइन है जो दिल्ली महिला आयोग द्वारा संकट में महिलाओं और लड़कियों की परेशानी सुनने के लिए संचालित की जा रही है।
स्टेफनी कोपस-कैंपबेल और टीम के अन्य सदस्यों ने हेल्पलाइन पर कॉल करने वालों द्वारा लाइव परामर्श देखा। उन्होंने कई फील्ड काउंसलर से भी बातचीत की जिन्होंने कई रेस्क्यू किये हैं।
प्रतिनिधिमंडल के लोगों ने आयोग के कामकाज और उसकी हेल्पलाइन की प्रशंसा की। वे विशेष रूप से पालन की जा रही प्रक्रियाओं और पूरी टीम के काम करने के जुनून से काफी प्रभावित थे। स्टेफनी कोपस-कैंपबेल और स्वाति मालीवाल ने भारत और ऑस्ट्रेलिया में महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की और दोनों देशों में किये जा रहे सर्वोत्तम कार्यों को साझा किया।