Home मुंबई स्वतंत्रता दिवस पर मुंबई पुलिस की अनूठी पहल, ₹1.15 करोड़ का जब्त...

स्वतंत्रता दिवस पर मुंबई पुलिस की अनूठी पहल, ₹1.15 करोड़ का जब्त माल 80 पीड़ितों को लौटाया

0

मुंबई। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुंबई पुलिस के पश्चिम परिमंडल-2 ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए विभिन्न आपराधिक मामलों में बरामद करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये मूल्य का जब्त माल उसके वास्तविक मालिकों को सौंपा। इस विशेष कार्यक्रम के तहत 80 फरियादियों को उनकी संपत्ति वापस की गई। मुंबई पुलिस आयुक्तालय के पश्चिम परिमंडल-2 के अंतर्गत आने वाले बांद्रा, खार, सांताक्रूज़, जुहू और डी.एन. नगर पुलिस थानों में दर्ज विभिन्न मामलों की जांच के दौरान जब्त किए गए सामान की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित फरियादियों और मालिकों को उनका माल वापस सौंपा गया। वापस किए गए सामान में सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं। लंबे समय से न्यायालयीन और जांच प्रक्रिया के कारण जब्त रखा गया यह सामान वापस मिलने पर पीड़ितों ने मुंबई पुलिस का आभार व्यक्त किया और इसे स्वतंत्रता दिवस पर मिला सबसे बड़ा उपहार बताया। यह कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम प्रादेशिक विभाग) डॉ. अभिनव देशमुख के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम परिमंडल-2) डॉ. मोहित कुमार गर्ग की संकल्पना के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए खार पुलिस थाने के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विशेष प्रयास किए। मुंबई पुलिस का कहना है कि इस तरह की पहल का उद्देश्य पीड़ितों को जल्द से जल्द उनका वैध सामान वापस दिलाना, पुलिस व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करना और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here