
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश सरकार की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने मंगलवार दोपहर विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में व्यापार, उद्योग, बिजली, सड़क, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सहित व्यापारियों एवं उद्यमियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के बाद प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने बताया कि जनपद में उद्योग और व्यापार से जुड़े लोगों के साथ यह महत्वपूर्ण संवाद आयोजित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य व्यापारियों और उद्यमियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जानना और जिले में व्यापार एवं उद्योग के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है।प्रभारी मंत्री ने बताया कि बैठक के दौरान व्यापारियों ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि व्यापारियों और उद्यमियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े तथा वे सुगमता के साथ अपने कारोबार और उद्योगों का विस्तार कर सकें। सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और प्रदेश में निवेश एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।उद्योग विभाग के अधिकारियों पर व्यापारियों को परेशान करने और बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर पूछे गए सवालों पर प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि बैठक में सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई है। व्यापारियों ने सकारात्मक ढंग से अपनी समस्याएं और सुझाव रखे तथा संबंधित अधिकारियों ने भी उनकी बातों को गंभीरता से सुना।प्रभारी मंत्री ने कहा कि बैठक के दौरान ऐसी कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई, जिसे तत्काल बड़े संकट के रूप में देखा जाए। व्यापारियों और उद्यमियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार व्यापार एवं उद्योगों को मजबूत करने और उद्यमियों के लिए बेहतर कारोबारी माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के साथ मौजूदा व्यापारियों और उद्यमियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।बैठक के समापन पर प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने अधिकारियों को व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों और जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



