Homeउत्तर प्रदेशडॉ. संदीप की अगुवाई में आस्था का सैलाब, भव्य कांवड़ यात्रा में...

डॉ. संदीप की अगुवाई में आस्था का सैलाब, भव्य कांवड़ यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

देवेश प्रताप सिंह राठौर / ललितपुर, उत्तर प्रदेश। भगवान शिव की भक्ति और आस्था से ओतप्रोत विशाल कांवड़ यात्रा 2026 सोमवार को तुवन मंदिर परिसर से भव्य धार्मिक वातावरण के बीच निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जैसे-जैसे कांवड़ यात्रा आगे बढ़ी, मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई और पूरा वातावरण हर-हर महादेव तथा बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।यात्रा का शुभारंभ तुवन मंदिर प्रांगण से प्रातः 8 बजे हुआ। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर, पाली की ओर रवाना हुई। आयोजन को लेकर विशाल कांवड़ यात्रा सेवा समिति, ललितपुर द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल रहे।कांवड़ यात्रा की विशेष आकर्षण का केंद्र रही सजी हुई बग्गियां, जिनमें नन्हे बच्चे भगवान शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण तथा अन्य देवी-देवताओं का रूप धारण कर विराजमान रहे। बच्चों के मनमोहक स्वरूप ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया और जगह-जगह लोगों ने रुककर धार्मिक झांकियों के दर्शन किए।यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले गांवों और प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ यात्रियों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं। महिलाओं की टोली हाथों में कलश लेकर यात्रा में आगे चलती नजर आई, जबकि उनके पीछे डीजे की धार्मिक धुनों पर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और नृत्य करते दिखाई दिए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संघर्ष सेवा समिति, झांसी के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने विशाल कांवड़ यात्रा में उमड़े श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि भगवान शिव की भक्ति लोगों को आपसी प्रेम, सेवा और सद्भाव का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ लोगों में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। आगे उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति और सहयोग करने वाले लोगों की सराहना की।यात्रा के दौरान हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। विशाल कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, स्थानीय लोगों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments