
टीवीजेए के ‘संवाद’ कार्यक्रम में पत्रकारों और कैमरामैन ने उठाए मुद्दे, विशेष पहचान पत्र और वाहनों के लिए अलग पास का प्रस्ताव
मुंबई। गणेशोत्सव और दहीहंडी जैसे बड़े आयोजनों के दौरान न्यूज कवरेज करने वाले पत्रकारों और कैमरामैन को पुलिस बंदोबस्त के कारण किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने मुंबई पुलिस को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्सवों के दौरान पुलिस और मीडिया के बीच टकराव की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए और दोनों को आपसी समन्वय के साथ काम करना चाहिए। टीवीजेए संस्था की ओर से आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम में गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने पत्रकारों और कैमरामैन से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए कदम ने कार्यक्रम के दौरान ही मुंबई पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज शर्मा से फोन पर बातचीत की और न्यूज कवरेज से जुड़ी समस्याओं का मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों ने बताया कि गणेशोत्सव, दहीहंडी और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस बंदोबस्त और सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण पत्रकारों तथा कैमरामैन को कई बार कवरेज स्थल तक पहुंचने में परेशानी होती है। इस पर गृह राज्यमंत्री ने पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में बड़े आयोजनों की कवरेज के लिए मुंबई पुलिस की ओर से मीडिया प्रतिनिधियों को विशेष पहचान पत्र जारी करने का प्रस्ताव रखा गया। योगेश कदम ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इस संबंध में पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। गणेशोत्सव के दौरान लालबाग और गिरगांव चौपाटी जैसे अत्यधिक भीड़ वाले स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को पत्रकारों और कैमरामैन का उचित सहयोग करने के निर्देश देने की बात भी कही गई। मीडिया प्रतिनिधियों ने विसर्जन कवरेज के दौरान जुहू बीच पर सुरक्षित ‘मीडिया स्टेज’ बनाने की मांग रखी, जिस पर कदम ने आवश्यक व्यवस्था करने का भरोसा दिया। पत्रकारों ने यह मुद्दा भी उठाया कि गणेशोत्सव और दहीहंडी की कवरेज के दौरान उनके वाहनों को कई स्थानों पर रोक दिया जाता है, जिससे समय पर घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी होती है। इस पर गृह राज्यमंत्री ने मीडिया वाहनों के लिए अलग प्रवेश पास की व्यवस्था करने और ऐसा नियोजन करने को कहा, जिससे कवरेज के दौरान अनावश्यक अड़चन पैदा न हो। गणेशोत्सव शुरू होने से पहले लालबाग और गिरगांव चौपाटी पर टीवीजेए के प्रतिनिधियों तथा मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने पर भी सहमति बनी। इस बैठक में मौके की परिस्थितियों को देखते हुए मीडिया कवरेज, प्रवेश, सुरक्षा, वाहनों और अन्य व्यवस्थाओं की योजना तैयार की जाएगी। टीवीजेए ने कहा कि गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने संस्था के कार्यालय पहुंचकर मीडिया प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए तत्काल मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। संस्था की कार्यकारिणी ने इसके लिए गृह राज्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

