
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। रोटरी क्लब उन्नाव सिटी की ओर से सोमवार को जगदम्बा प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज, राजेपुर में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे शुरू हुए कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।स्वास्थ्य शिविर में क्लब के मुख्य सहयोगी ओमेगा आई केयर सेंटर के डॉ. राजीव भारती, स्वस्तिक आई एंड ईएनटी मेडिकल सेंटर की डॉ. पारुल सचान तथा आशा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान आंखों की जांच में 34 विद्यार्थियों की दृष्टि काफी कमजोर पाई गई। खास बात यह रही कि संबंधित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को इससे पहले दृष्टि संबंधी समस्या की जानकारी नहीं थी। शिविर में समय रहते समस्या सामने आने के बाद विद्यार्थियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।डॉ. पारुल सचान ने नाक, कान और गले से संबंधित समस्याओं से पीड़ित विद्यार्थियों की जांच की। उन्होंने विद्यार्थियों को मौसम को देखते हुए गुनगुना पानी पीने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।स्वास्थ्य जांच के साथ विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को लगाए गए पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया गया।रोटरी क्लब उन्नाव सिटी ने इस आयोजन को अपनी ‘CREATE LASTING IMPACT’ की भावना से जोड़ते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सकारात्मक एवं स्थायी प्रभाव पैदा करने की पहल बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ रोटेरियन राम तनेजा, सचिव विशाल चंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष महेश गुप्ता, आनंद आहूजा, संजीव निगम और मयूर गुप्ता सहित अन्य सदस्यों की प्रमुख भूमिका रही।

