
मुंबई। मुंबई की महापौर श्रीमती ऋतु तावड़े ने जोगेश्वरी (पूर्व) स्थित हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे ट्रॉमा केयर महानगरपालिका अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। गुरुवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का दौरा किया, मरीजों से सीधे संवाद किया और अस्पताल प्रशासन को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। महापौर ने सबसे पहले भूतल पर स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना के पंजीकरण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि यह कक्ष केवल सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक सीमित न रहकर 24 घंटे संचालित किया जाए। साथ ही, आयुष्मान कार्डधारक मरीजों से अनावश्यक अतिरिक्त दस्तावेजों की मांग नहीं की जाए। इसके बाद उन्होंने दुर्घटना विभाग, आईसीयू, बाल रोग विभाग, महिला चिकित्सा विभाग और पुरुष चिकित्सा विभाग सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से उपचार, डॉक्टरों और नर्सों की सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, अस्पताल की स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। महापौर ने मरीजों के लिए परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता स्वयं जांची और उसमें तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। ऋतु तावड़े ने अस्पताल प्रशासन से कहा कि पूरे अस्पताल में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, मरीजों के साथ संवेदनशील और आत्मीय व्यवहार किया जाए तथा सभी आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल की आवश्यकताओं, अतिरिक्त मानवबल, चिकित्सा उपकरणों और अन्य संसाधनों की जानकारी उपलब्ध कराने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान महापौर ने दूसरी मंजिल स्थित डीएसए कैथलैब में न्यूरोसर्जरी विभाग की अत्याधुनिक सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों को आश्वस्त किया कि इस विभाग के लिए पूर्णकालिक डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित कराने हेतु वे महानगरपालिका प्रशासन के समक्ष पत्र लिखकर आवश्यक पहल करेंगी। इस अवसर पर अस्पताल के संविदा कर्मचारियों और संविदा चिकित्सकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर महापौर को ज्ञापन सौंपा। महापौर ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए महानगरपालिका प्रशासन के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की अधिष्ठाता डॉ. छाया शिंदे, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. निरंजन क्षीरसागर सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

