
मीरा-भाईंदर। सिखों के नवें गुरु तथा “हिंद-दी-चादर” के रूप में विख्यात गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहीदी के उपलक्ष्य में मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की ओर से सोमवार, 23 फरवरी 2026 को सुबह 9 बजे महानगरपालिका क्षेत्र की सभी स्कूलों में सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस विशेष उपक्रम के अंतर्गत सुप्रसिद्ध गायक सरताज सिंह द्वारा गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, त्याग, बलिदान और धर्मनिष्ठा पर आधारित प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया गया, जिसे विद्यार्थियों ने एक साथ सामूहिक रूप से गाया। महानगरपालिका क्षेत्र की सभी स्कूलों में एक ही समय पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो इस पहल की विशेषता रही। कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संभाजी पानपट्टे, उपायुक्त कविता बोरकर, सहायक आयुक्त (शिक्षा) दिपाली जोशी, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा कुल 97,040 विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस ऐतिहासिक आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था। गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान के माध्यम से मानवता और धार्मिक स्वतंत्रता का संदेश समाज तक पहुंचाना तथा विद्यार्थियों को इतिहास के महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा देना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था। कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित और नियोजनपूर्वक किया गया तथा सभी स्कूलों में इसे उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला। विद्यार्थियों ने एक साथ सामूहिक रूप से गीत प्रस्तुत कर गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।




