HomeMaharashtraएक साल में पूरा होगा माणगांव तालुका स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, आधुनिक उप-विभागीय खेल...

एक साल में पूरा होगा माणगांव तालुका स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, आधुनिक उप-विभागीय खेल संकुल भी बनेगा

रायगढ़ के माणगांव में स्विमिंग पूल और क्रिकेट सहित आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने की तैयारी

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार रायगढ़ जिले के माणगांव तालुका क्रीड़ा संकुल का निर्माण कार्य अगले एक वर्ष के भीतर पूरा करेगी। साथ ही माणगांव में आधुनिक सुविधाओं से युक्त उप-विभागीय खेल संकुल विकसित करने के लिए अलग से प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। मंगलवार को यह जानकारी मंत्री आदिती तटकरे ने मंगलवार को विधान परिषद में प्रश्नकाल के दौरान दी। माणगांव क्रीड़ा संकुल से जुड़े प्रश्न पर सदस्य प्रवीण दरेकर ने मुद्दा उठाया, जबकि सदस्य अनिकेत तटकरे और भाई जगताप ने भी पूरक प्रश्न पूछे। मंत्री आदिती तटकरे ने बताया कि रायगढ़ जिले के मध्यवर्ती क्षेत्र माणगांव में स्थित तालुका क्रीड़ा संकुल वर्ष 2020 के चक्रवात में क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद विभागीय खेल संकुल के लिए 24 एकड़ भूमि खेल विभाग को हस्तांतरित की गई और 85 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा गया था। हालांकि, खारघर में विभागीय खेल संकुल के प्रस्ताव के कारण यह योजना लंबित रह गई। उन्होंने बताया कि इस बीच माणगांव तालुका क्रीड़ा संकुल के लिए 3 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई, जिसमें से 2 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। परियोजना में तेजी लाने के लिए जल्द ही विशेष बैठक आयोजित कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाएगा। आदिती तटकरे ने कहा कि खारघर में विभागीय खेल संकुल बनने के बावजूद माणगांव के लिए विशेष मामले के रूप में उप-विभागीय खेल संकुल का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इस संकुल में स्विमिंग पूल, क्रिकेट मैदान तथा विभिन्न आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि माणगांव विभागीय खेल संकुल के संबंध में उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार नीतिगत निर्णय लिया जाएगा। साथ ही राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना के विकास के लिए विशेष नीति बनाई जाएगी। रत्नागिरी के खेल संकुल के लिए अतिरिक्त निधि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी सरकार सकारात्मक निर्णय लेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments