
इंद्र यादव/मुंबई। गोवंडी और मानखुर्द इलाके में एक बड़े निवेश घोटाले का मामला सामने आया है। ‘ड्रीम सनशाइन डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी पर लोगों को ऊंचे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये ठगने का आरोप लगा है। पुलिस में दर्ज शुरुआती शिकायतों के अनुसार अब तक लगभग 5.13 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है, जबकि स्थानीय लोगों और पीड़ित निवेशकों का दावा है कि घोटाले की रकम 4600 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
ऊंचे मुनाफे का लालच देकर फंसाए लोग
जानकारी के मुताबिक इस कथित घोटाले के मुख्य आरोपी अमानत अली अंसारी, उसके सहयोगी रहीम अंसारी, अली अंसारी और नईम सरवर बताए जा रहे हैं। आरोप है कि इन लोगों ने गोवंडी और चीता कैंप क्षेत्र के मेहनतकश और मध्यमवर्गीय परिवारों को निवेश के नाम पर झांसे में लिया। कंपनी की ओर से निवेशकों को हर महीने 5 प्रतिशत तक फिक्स्ड रिटर्न देने का लालच दिया गया। लोगों को यह भरोसा दिलाया गया कि कंपनी खजूर, शक्कर, ‘रियल ऑसी’ (Real Aussie) पानी और निर्माण कार्य जैसे कारोबारों में निवेश कर रही है, जिससे नियमित मुनाफा मिलेगा।
शुरुआत में दिया मुनाफा, फिर बंद हो गया भुगतान
पीड़ितों के अनुसार शुरुआत के कुछ महीनों तक कंपनी ने निवेशकों को मुनाफा भी दिया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ गया। इसके बाद कई निवेशकों ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों को भी इसमें पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया। हालांकि फरवरी 2026 से कंपनी ने अचानक भुगतान बंद कर दिया। जब निवेशक मानखुर्द स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सैकड़ों लोग अपने निवेश की रकम को लेकर चिंतित हो गए।
रमजान के महीने में बढ़ी पीड़ितों की परेशानी
पीड़ितों का कहना है कि कई लोगों ने बेटियों की शादी, बच्चों की पढ़ाई और बुढ़ापे के सहारे के लिए जमा की गई पूंजी इस योजना में लगा दी थी। रमजान के पवित्र महीने में जब लोगों को खर्चों के लिए पैसे की जरूरत थी, तब उन्हें अपनी जमा राशि भी वापस नहीं मिल पाई। एक पीड़ित निवेशक ने बताया कि उन्होंने उम्मीद की थी कि रमजान और ईद के खर्च आसानी से पूरे हो जाएंगे, लेकिन अब उनकी पूरी जमा पूंजी फंस गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में मानखुर्द पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कर ली गई है। एक 31 वर्षीय आईटी इंजीनियर सईद खान की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जैसे-जैसे और पीड़ित सामने आएंगे, घोटाले की वास्तविक रकम और अधिक सामने आ सकती है। पुलिस निवेशकों से अपील कर रही है कि यदि वे भी इस धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं तो अपने लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों के साथ नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता और सरकारी पंजीकरण की जांच अवश्य करें।




