
मुंबई। मुंबई कस्टम्स कमिश्नरेट ज़ोन-III के अधिकारियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थ और अवैध सोना जब्त किया है। 3 मार्च से 10 मार्च 2026 के बीच की गई इस कार्रवाई में बैंकॉक से आने वाले यात्रियों के पास से भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक वीड (नशीला पदार्थ) बरामद किया गया है। कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने तस्करी के दो बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। “स्पॉट” और “एपीआईएस प्रोफाइलिंग” की मदद से अधिकारियों ने बैंकॉक से आए पांच यात्रियों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान उनके पास से 12.031 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12.03 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसी दौरान एक अन्य गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने बैंकॉक से आए एक और यात्री को पकड़ा। उसके पास से 499 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 49.9 लाख रुपये बताई जा रही है। इस प्रकार नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में कुल 6 यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट 1985 की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। नशीले पदार्थों के अलावा कस्टम्स अधिकारियों ने सोने की तस्करी के भी तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। तलाशी के दौरान 409 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 59.57 लाख रुपये आंकी गई है। यह सोना तीन अलग-अलग यात्रियों के पास से बरामद किया गया, जो इसे अवैध तरीके से देश में लाने का प्रयास कर रहे थे। जांच में सामने आया कि तस्करों ने हाइड्रोपोनिक वीड को ट्रॉली बैग के अंदर बेहद चालाकी से छिपा रखा था, लेकिन कस्टम्स अधिकारियों की सतर्कता के कारण उनका यह प्रयास नाकाम हो गया। जब्त किए गए ड्रग्स और सोने को अधिकारियों ने सील कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है, ताकि इस तस्करी गिरोह के पीछे शामिल बड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके। कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार मुंबई कस्टम्स ज़ोन-III लगातार अपनी निगरानी बढ़ा रहा है, विशेष रूप से बैंकॉक और खाड़ी देशों से आने वाली उड़ानों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि अंतरराष्ट्रीय तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।




