Sunday, March 22, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraमुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टैक्सीवे पर एअर इंडिया और इंडिगो...

मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टैक्सीवे पर एअर इंडिया और इंडिगो विमानों के पंख टकराए, सभी यात्री सुरक्षित

मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब यात्रियों से भरे दो विमानों के बीच जमीन पर टक्कर हो गई। यह घटना रनवे और टैक्सीवे क्षेत्र में हुई, जहां एक विमान खड़ा था और दूसरा लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रहा था। राहत की बात यह रही कि इस टक्कर में कोई यात्री घायल नहीं हुआ और सभी सुरक्षित हैं। सूत्रों के अनुसार, एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 मुंबई से कोयंबटूर जाने के लिए टैक्सीवे पर खड़ी थी। उसी समय इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 हैदराबाद से मुंबई पहुंचने के बाद टैक्सी कर रही थी। इसी दौरान आगे बढ़ते इंडिगो विमान का पंख खड़े एअर इंडिया विमान के पंख से टकरा गया। टक्कर जमीन पर हुई, उड़ान के दौरान नहीं। एअर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक, यह घटना 3 फरवरी को टेक-ऑफ से पहले इंतजार के दौरान हुई। दोनों विमानों के विंगटिप्स यानी पंख आपस में टकराए, जिससे एअर इंडिया के विमान के पंख के किनारे वाले हिस्से को नुकसान पहुंचा। टक्कर हल्की थी, लेकिन सुरक्षा नियमों के तहत इसे गंभीरता से लिया गया है। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा टीमें सक्रिय हो गईं। प्रभावित विमान को तुरंत ग्राउंडेड कर दिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया। एअर इंडिया ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की। दोनों विमानों को तकनीकी जांच के लिए सेवा से बाहर रखा गया है। एयरलाइन की ओर से बताया गया कि घटना की सूचना एविएशन रेगुलेटर को दे दी गई है। तकनीकी टीमें दोनों विमानों की विस्तृत जांच कर रही हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की खबर नहीं है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद तय होगी।
एयरपोर्ट संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, हालांकि बाद में इसे सामान्य कर दिया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments