Wednesday, May 20, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशऑनलाइन ट्रेडिंग से स्थानीय व्यापार प्रभावित, व्यापारियों को स्वास्थ्य बीमा और दुकान...

ऑनलाइन ट्रेडिंग से स्थानीय व्यापार प्रभावित, व्यापारियों को स्वास्थ्य बीमा और दुकान बीमा देने की मांग

उन्नाव। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग के बढ़ते प्रभाव से प्रदेश का स्थानीय व्यापार बदहाली के कगार पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े कॉर्पोरेट घराने छोटे-छोटे उत्पादों की घर-घर डिलीवरी कर स्थानीय दुकानदारों के व्यवसाय को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से ऑनलाइन व्यापार को नियंत्रित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि इसे पूरी तरह बंद करना संभव न हो तो इसे केवल बड़े उत्पादों तक सीमित किया जाए तथा ऑनलाइन कारोबार पर 10 प्रतिशत विकास कर लगाया जाए। उन्नाव में आयोजित एक बैठक को संबोधित करते हुए बनवारी लाल कंछल ने कहा कि देश का व्यापारी सबसे अधिक राजस्व देने के बावजूद सबसे ज्यादा उत्पीड़न झेल रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी “अवैतनिक टैक्स कलेक्टर” की भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें सरकारी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिलतीं। उन्होंने मांग की कि सभी पंजीकृत व्यापारियों को सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यापारी की दुकान में आग लग जाती है तो उसकी जीवनभर की जमा पूंजी नष्ट हो जाती है और उसे सरकार या जीएसटी विभाग की ओर से कोई सहायता नहीं मिलती। इसलिए सरकार को जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के लिए एक करोड़ रुपये तक का दुकान बीमा लागू करना चाहिए। बैठक में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स का मुद्दा भी उठाया गया। बनवारी लाल कंछल ने कहा कि व्यापार मंडल के विरोध के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ा हुआ टैक्स वापस लेने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक उसका शासनादेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने राज्य सरकार से जल्द आदेश जारी करने की मांग की। जिला अध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव ने कहा कि व्यापार मंडल ने अपने 54 वर्षों के संघर्ष के दौरान व्यापारियों के लिए अनेक सुविधाएं दिलाई हैं, जिनमें पेंशन, दुर्घटना बीमा, सरकारी विभागों के लाइसेंस और व्यापारियों को जेल भेजने के प्रावधान समाप्त कराना शामिल है। उन्होंने बताया कि संगठन अब तक व्यापारियों के हित में 250 से अधिक सुविधाएं दिला चुका है। बैठक के दौरान संगठन का विस्तार भी किया गया। इसमें विशाल सिंह को जिला चेयरमैन, भानु प्रताप सिंह को नगर चेयरमैन, अरविंद श्रीवास्तव को जिला मीडिया प्रभारी, रविकांत गुप्ता और पवन अग्रवाल को वरिष्ठ पदों पर नियुक्त किया गया। इसके अलावा कई अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्तियां की गईं। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का व्यापारियों ने स्वागत और सम्मान किया। बैठक में प्रांतीय मंत्री अरुण कुमार माहेश्वरी, संरक्षक हरिओम सिंह, नगर अध्यक्ष संजय शुक्ला, युवा अध्यक्ष संजय त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments