
नांदेड़ (इंद्र यादव)। महाराष्ट्र के नांदेड़ में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में धारदार हथियार और देसी हथियार बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने जसवंत सिंह प्रकाश सिंह नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वजीराबाद क्षेत्र के रामदास नगर स्थित एक घर में अवैध रूप से हथियारों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर नांदेड़ ग्रामीण पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए।पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में तलवारें, रामपुरी चाकू, खंजर और कुछ देसी तमंचे शामिल हैं। कुल 4,796 हथियार जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 43.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सभी हथियारों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।प्राथमिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी हथियारों का निर्माण करता था या उन्हें बाहर से लाकर सप्लाई करता था। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन हथियारों की आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी और क्या इस मामले के तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हुए हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कई पहलुओं पर की जा रही है और आगे अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है। महाराष्ट्र पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।




