
मुंबई। महाराष्ट्र के पर्यटन को नई पहचान देने के उद्देश्य से ‘कोयना बैक वॉटर फेस्टिवल 2026’ को इस वर्ष अधिक भव्य, आकर्षक और विश्वस्तरीय स्वरूप में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और स्थानीय संस्कृति के संगम के रूप में यह महोत्सव महाराष्ट्र के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल हो सकता है। गुरुवार को मेघदूत शासकीय निवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में पर्यटन मंत्री देसाई ने फेस्टिवल की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में पर्यटन विभाग, पर्यटन संचालनालय, महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सातारा जिला प्रशासन के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
टेंट स्टे, वाटर स्पोर्ट्स, ड्रोन और लेजर शो होंगे आकर्षण
बैठक में पिछले वर्ष के फेस्टिवल के अनुभवों की समीक्षा करते हुए इस बार आयोजन को और यादगार बनाने के लिए कई गतिविधियों पर चर्चा की गई। फेस्टिवल में टेंट में ठहरने की सुविधा, वाटर स्पोर्ट्स, लेजर शो, ड्रोन शो, हाउसबोटिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूड फेस्टिवल को अधिक प्रभावी ढंग से आयोजित करने की योजना है। महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल की ब्रांडिंग के लिए विभिन्न स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन लगाने के भी निर्देश दिए गए।
हेलिकॉप्टर राइड, फ्लोटिंग मार्केट और कार्निवल की तैयारी
कोयना बैक वॉटर फेस्टिवल को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन आयोजन बनाने के लिए कार्निवल फेस्टिवल, फ्लोटिंग मार्केट, घुड़सवारी, हेलिकॉप्टर राइड, पतंग महोत्सव, हेरिटेज टूर और योग गतिविधियों को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पर्यटकों को कोयना क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य के साथ साहसिक गतिविधियों, स्थानीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत का अनुभव एक ही आयोजन में मिल सकेगा।
क्रिसमस से नए साल के बीच होगा आयोजन
फेस्टिवल को क्रिसमस से नववर्ष के दौरान बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है। इस अवधि में देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए व्यापक योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने आयोजन का अंतिम स्थान तय करने के लिए आवश्यक जगह का निरीक्षण करने के साथ यातायात प्रबंधन, पुलिस बंदोबस्त और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘कोयना बैक वॉटर फेस्टिवल 2026’ को महाराष्ट्र के पर्यटन की नई पहचान देने वाले विश्वस्तरीय आयोजन के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

