HomeArchitectureBreakingनागपुर में बनेगा विश्वस्तरीय कन्वेंशन और एग्जिबिशन सेंटर, 2029 तक शुरू करने...

नागपुर में बनेगा विश्वस्तरीय कन्वेंशन और एग्जिबिशन सेंटर, 2029 तक शुरू करने का लक्ष्य

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनियों का बनेगा प्रमुख केंद्र; पर्यटन, उद्योग और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुंबई। नागपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन, प्रदर्शनियों और व्यावसायिक आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए विश्वस्तरीय बहुउद्देशीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह परियोजना नागपुर के आर्थिक विकास, पर्यटन, उद्योग और रोजगार सृजन को गति देगी। इसे 2029 तक कार्यान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री फडणवीस की अध्यक्षता में सह्याद्री अतिथिगृह में नागपुर कन्वेंशन सेंटर को लेकर प्रस्तुतीकरण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, ‘मित्रा’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परदेशी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव लोकेश चंद्रा, महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध निदेशक दीपक कपूर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी और नागपुर महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपीन इटनकर उपस्थित थे। फिरा बार्सिलोना इंटरनेशनल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिकार्ड झेपाटेरो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
एयरपोर्ट, सड़क और रेलवे कनेक्टिविटी को ध्यान में रखकर बनेगा प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना को नागपुर एयरपोर्ट क्षेत्र के शहरी विकास की योजना के अनुरूप विकसित किया जाएगा। एयरपोर्ट, सड़क और रेलवे कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए इसका प्रारूप तैयार किया गया है। नागपुर में बड़ी क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर की आवश्यकता को देखते हुए यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, प्रदर्शनियां, कॉर्पोरेट कार्यक्रम और बड़े व्यावसायिक आयोजन किए जा सकेंगे।
नागपुर की नई पहचान बने कन्वेंशन सेंटर
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि कन्वेंशन सेंटर को केवल सम्मेलन और प्रदर्शनियों तक सीमित न रखते हुए इसे नागपुर की पहचान बनने वाले सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने परियोजना की वास्तुकला को आकर्षक बनाने के साथ आधुनिक तकनीक और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं को शामिल करने के निर्देश दिए। इसमें ऊर्जा बचत, हरित तकनीक और पर्यावरण संरक्षण की अवधारणाओं को प्राथमिकता देने को कहा गया।
हॉस्पिटैलिटी से इवेंट मैनेजमेंट तक रोजगार के अवसर
परियोजना के माध्यम से हॉस्पिटैलिटी, मीडिया, इवेंट मैनेजमेंट, पर्यटन और संबंधित सेवा क्षेत्रों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर भी जोर दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य नागपुर को विश्वस्तरीय सम्मेलन, प्रदर्शनी, पर्यटन और औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस दिशा में प्रस्तावित कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर को महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने परियोजना से जुड़ी निविदा, भूमि हस्तांतरण, निर्माण सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि केंद्र को 2029 तक कार्यान्वित किया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments