
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को गुरुवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। पन्नालाल सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कृति राज ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने सभी से समाजसेवा के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। समारोह में अमित मिश्रा ने सभापति पद की शपथ ली। वहीं संजय सिंह चौहान ने उपसभापति, जटाशंकर तिवारी ने सचिव तथा हर्ष तिवारी ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। शिव चंद्र मिश्रा और मोहम्मद सलीम सहित अन्य सदस्यों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के मानवीय एवं सामाजिक सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीडीओ कृति राज ने इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था आपदा राहत, स्वास्थ्य सेवाओं, रक्तदान, सामाजिक सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और सेवाभाव के साथ जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा की। कार्यक्रम में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

