
कन्नौज, उत्तर प्रदेश। थाना सौरिख पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए 9 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, 4 मोटरसाइकिलों के इंजन, कई कटे हुए वाहन पार्ट्स तथा 5 अवैध तमंचे और जीवित कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जनपद में वाहन चोरी और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है। इस उल्लेखनीय कार्रवाई और जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा प्रभावी पुलिसिंग में उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक (कानपुर जोन) श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कानपुर स्थित जोनल कार्यालय में प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एडीजी ने कन्नौज पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ की जा रही प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

