
नालों की सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था पर फोकस
मीरा-भाईंदर। मानसून से पहले तैयारियों को लेकर मीरा भाईंदर महानगर पालिका और रेलवे प्रशासन ने सोमवार, 23 मार्च 2026 को संयुक्त निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान महापौर डिंपल विनोद मेहता, आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा और उपमहापौर ध्रुवकिशोर मन्साराम पाटील की मौजूदगी में सुबह 7 बजे दौरे की शुरुआत भाईंदर (पश्चिम) स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस मैदान से की गई। निरीक्षण के दौरान मैदान की विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया गया और वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों व मॉर्निंग वॉक पर आए नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए। इसके बाद राधास्वामी सत्संग परिसर से मीरा रोड रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले प्राकृतिक जाफरी नाले का निरीक्षण किया गया। साथ ही भाईंदर रेलवे स्टेशन (पूर्व) के केबिन रोड क्षेत्र तथा पश्चिम भाग के नालों की भी जांच की गई। इस दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रैफिक जाम, पार्किंग की समस्याएं और फेरीवालों के अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। डिविजनल रेलवे मैनेजर पंकज सिंह ने रेलवे क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नालों की समयबद्ध और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए आवश्यक संसाधन और समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। इस संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य मनपा और रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मानसून के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाना है। इस मौके पर दोनों विभागों के अधिकारी, इंजीनियर और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




