HomeArchitectureBreakingपुरंदर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, तय समयसीमा...

पुरंदर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, तय समयसीमा में पूरा होगा प्रोजेक्ट

शिर्डी एयरपोर्ट पर एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स समेत जरूरी सुविधाएं कुंभ मेला-2027 से पहले पूरी करने के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश

मुंबई। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण के सफल अनुभव को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (MADC) पुरंदर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का विकास भी निर्धारित समयसीमा में पूरा करे। गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसके साथ ही शिर्डी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं को आगामी कुंभ मेला-2027 से पहले पूरा करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंत्रालय में महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी के निदेशक मंडल की 93वीं बैठक हुई। बैठक में एमएडीसी के कार्यकारी निदेशक दीपक कपूर, परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय सेठी, आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव असीम गुप्ता, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव ओ. पी. गुप्ता, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव लोकेश चंद्रा, प्रधान सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव पी. अन्बलगन, मुख्यमंत्री के निवेश सलाहकार कौस्तुभ धवसे, आयुक्त विपिन इटनकर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि पुरंदर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए गठित संयुक्त कंपनी में एमएडीसी के साथ सिडको, एमआईडीसी और पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (PMRDA) की भागीदारी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए हुडको के माध्यम से 6 हजार करोड़ रुपये के ऋण को मंजूरी दी गई है। उन्होंने परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाकर सभी कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। कुंभ मेला-2027 के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शिर्डी पहुंचने और चार्टर्ड विमानों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने शिर्डी एयरपोर्ट पर टैक्सीवे, एप्रन, एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स और अन्य आवश्यक सुविधाओं का काम तत्काल पूरा करने को कहा।
राज्य के सात एयरपोर्ट के विकास पर जोर
एमएडीसी के माध्यम से नांदेड, नाशिक, जलगांव, कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग, गोंदिया और अमरावती सहित सात हवाई अड्डों का विकास किया जा रहा है। वहीं रत्नागिरी एयरपोर्ट का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। बारामती एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण के लिए 64 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि लातूर एयरपोर्ट पर 38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कराड एयरपोर्ट की 1,700 मीटर लंबी रनवे के विस्तार की प्रक्रिया जारी है और भविष्य में यहां नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। चंद्रपुर में फ्लाइंग क्लब तथा धाराशिव और यवतमाल के हवाई अड्डों को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। नांदेड एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक यात्री टर्मिनल बनाया जाएगा। यहां यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और वर्तमान में नौ विमान सेवाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि चंडीगढ़ और अमृतसर से नांदेड के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे।
मिहान में विभिन्न विकास परियोजनाओं को बढ़ावा
मिहान क्षेत्र में एमएडीसी के माध्यम से विभिन्न विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ के माध्यम से एम्स की तर्ज पर एक बड़े अस्पताल के निर्माण का प्रस्ताव है। इसके लिए राज्य सरकार से जमीन उपलब्ध कराने की मंजूरी का अनुरोध बैठक में किया गया। गडचिरोली जिले में नए एयरपोर्ट के लिए जमीन तय करने की प्रक्रिया जारी है। अमरावती एयरपोर्ट पर फ्लाइट ट्रेनिंग स्कूल शुरू किया जा रहा है और नाइट लैंडिंग सुविधा के लिए डीजीसीए द्वारा अंतिम निरीक्षण किया जाएगा।
मुंबई-सोलापुर विमान सेवा शुरू करने की तैयारी
सोलापुर के होटगी एयरपोर्ट के लिए उड़ान योजना के तहत राज्य सरकार ने आवश्यक धन उपलब्ध कराया है। जल्द ही मुंबई-सोलापुर विमान सेवा शुरू करने की योजना है। पवना, कोराडी, गंगापुर, रत्नागिरी और गणपतिपुले में सी-प्लेन सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर भी बैठक में चर्चा हुई। वर्ष 2035 तक देश और महाराष्ट्र में हवाई यात्रियों की संख्या में बड़ी वृद्धि को देखते हुए आवश्यक उपायों पर विचार किया गया। रत्नागिरी एयरपोर्ट का काम लगभग पूरा हो चुका है। यह क्षेत्र कोस्ट गार्ड के नियंत्रण में होने के कारण आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर एयरपोर्ट को जल्द से जल्द परिचालन में लाने की प्रक्रिया जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments