HomeBusinessभारत वैश्विक नेतृत्व की ओर, महाराष्ट्र ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की राह...

भारत वैश्विक नेतृत्व की ओर, महाराष्ट्र ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की राह पर: मुख्यमंत्री फडणवीस

मुंबई। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारत वैश्विक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं महाराष्ट्र भी एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ रहा है। शुक्रवार को मुंबई के ताज होटल में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न देशों के राजनयिकों, महावाणिज्यदूतों, वाणिज्य दूतावासों के प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति, महाराष्ट्र की विकास क्षमता और भविष्य की विकास दृष्टि पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे प्राचीन और विविधतापूर्ण सभ्यताओं में से एक है, जिसकी पहचान समावेशिता, सहिष्णुता और विविध विचारों के सम्मान से होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज अधिक सशक्त, आत्मविश्वासी और वैश्विक मंच पर निर्णायक भूमिका निभाने वाला देश बनकर उभरा है। फडणवीस ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही पांच ट्रिलियन डॉलर से अधिक की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य हासिल करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र भी अपनी औद्योगिक क्षमता, निवेश और विकास योजनाओं के बल पर ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार राजनयिक समुदाय के साथ सहयोग, संवाद और संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी विदेशी प्रतिनिधियों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि भारत का लोकतंत्र, तिरंगा और स्वतंत्रता के मूल्य पूरी दुनिया को प्रेरित करते रहेंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री की पत्नी अमृता फडणवीस, विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर, राजशिष्टाचार मंत्री जयकुमार रावल, मंत्री छगन भुजबल, मंगलप्रभात लोढ़ा, आदिती तटकरे, राज्य मंत्री योगेश कदम, मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, विभिन्न देशों के महावाणिज्यदूत और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments