
मुंबई। बांद्रा पूर्व स्थित मुंबई उपनगर जिल्हाधिकारी कार्यालय परिसर में गुरुवार को बनने वाले ‘नियोजन भवन’ का भूमिपूजन समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुंबई उपनगर के पालकमंत्री एवं सूचना प्रौद्योगिकी व सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार ने भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। समारोह में विधायक संजय उपाध्याय, जिलाधिकारी सौरभ कटियार, जिला नियोजन अधिकारी संजय शिंदे सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम से पूर्व सहपालकमंत्री मंगलप्रभात लोढा ने भूमि पूजन किया। बांद्रा (पूर्व) स्थित जिल्हाधिकारी कार्यालय परिसर में बनने वाला यह ‘नियोजन भवन’ एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसका उद्देश्य जिला नियोजन समिति के कार्यों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। महाराष्ट्र सरकार के नियोजन विभाग के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में स्वतंत्र नियोजन भवन निर्माण की योजना के तहत यह परियोजना शुरू की गई है। इस परियोजना को 19 नवंबर 2025 को लगभग 741.04 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी मिली थी, जबकि 6 फरवरी 2026 को तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई। कुल 1031.25 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाली इस इमारत का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में भूतल और एक मंजिल की मुख्य इमारत बनाई जाएगी, जिसमें 300 सीटों की क्षमता वाला सभागार, दो ग्रीन रूम, किचन व पैंट्री तथा अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाएं होंगी। पहली मंजिल पर जिला नियोजन समिति का कार्यालय और एक छोटा सभागार भी बनाया जाएगा। दूसरे चरण में इमारत की आंतरिक सजावट, सभागार का साउंडप्रूफिंग, फॉल्स सीलिंग, दरवाजे, फर्नीचर और अन्य पूरक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंत्री शेलार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस परियोजना को निर्धारित समय में पूरा किया जाए।




