
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी पुलिस लाइन में आरक्षी पुलिस सीधी भर्ती 2025-2026 के अंतर्गत प्रशिक्षित महिला रिक्रूट आरक्षियों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर परेड मैदान देशभक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया, जहां नवप्रशिक्षित महिला आरक्षियों ने अपने अनुशासन और दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समारोह में मुख्य अतिथि आलोक सिंह (अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन), गौरांग राठी (जिलाधिकारी झांसी) तथा बीबीजीटीएस मूर्ति (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झांसी) सहित जनपद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि आलोक सिंह ने परेड का निरीक्षण किया और महिला रिक्रूट्स द्वारा प्रस्तुत सलामी को स्वीकार किया। परेड के दौरान रिक्रूट आरक्षियों ने अनुशासन, शारीरिक क्षमता, तालमेल और प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित सभी अधिकारियों ने सराहना की। प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला आरक्षियों को इस अवसर पर सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में नवप्रशिक्षित आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया। यह दीक्षांत परेड न केवल प्रशिक्षण की सफल पूर्णता का प्रतीक रही, बल्कि पुलिस बल में महिलाओं की सशक्त भागीदारी और नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में भी देखी जा रही है। नवप्रशिक्षित महिला आरक्षियों को भविष्य में जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।




