Wednesday, May 13, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraनिजी बसों की मनमानी किराया वृद्धि और अवैध ऐप्स पर सरकार सख्त,...

निजी बसों की मनमानी किराया वृद्धि और अवैध ऐप्स पर सरकार सख्त, विशेष समिति होगी गठित: परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक

मुंबई। राज्य में निजी यात्री बस संचालकों द्वारा की जा रही मनमानी किराया वृद्धि और अनधिकृत मोबाइल ऐप्स के जरिए यात्रियों के आर्थिक शोषण को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि यात्रियों की शिकायतों के समाधान और दीर्घकालीन उपाय सुझाने के लिए विशेष समिति गठित की जाएगी। बुधवार को मंत्रालय में आयोजित बैठक में परिवहन आयुक्त राजेश नार्वेकर, अपर परिवहन आयुक्त भरत कळसकर तथा सुराज्य अभियान संगठन के अभिषेक मुरुकटे, अरविंद पानसरे और सुनील हनवट उपस्थित थे। बैठक में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने निर्देश दिए कि सह परिवहन आयुक्त और सुराज्य अभियान के तीन प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक विशेष समिति बनाई जाए। यह समिति निजी बसों की अवैध किराया वृद्धि पर नियंत्रण, अनधिकृत बुकिंग ऐप्स पर रोक और यात्रियों की शिकायतों के समाधान के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अगली बैठक आयोजित की जाएगी और समिति द्वारा सुझाए गए उपायों को सरकार तत्काल और प्रभावी तरीके से लागू करेगी। मंत्री सरनाईक ने कहा कि वर्तमान में कई निजी ट्रैवल्स कंपनियां अनधिकृत ऐप्स के माध्यम से टिकट बुकिंग कर रही हैं। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान यात्रियों से मनमाने टिकट दर वसूले जाते हैं, जो आर्थिक शोषण का रूप ले चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यात्रियों की लूट किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी बस संचालकों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राज्य के सभी बस स्टैंडों पर संपर्क व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए, ताकि यात्रियों को शिकायत और सहायता के लिए आवश्यक संपर्क नंबर उपलब्ध हो सकें। इसके अलावा परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए कि बदले गए गांवों के नाम और शुद्ध मराठी भाषा के उपयोग को लेकर परिपत्र जारी कर उसकी सख्ती से अमलबजावणी सुनिश्चित की जाए। परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य में एसटी बसों और बस स्टैंडों की गंदगी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। बस स्टैंडों का कायापलट और स्थायी स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि 1 जून से राज्य परिवहन महामंडल के सभी बस स्टैंडों पर शौचालयों का उपयोग यात्रियों के लिए मुफ्त किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments