
बंगाल की राजनीति, सपा का पीडीए, बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार
और दिग्विजय सिंह के बयान पर दी प्रतिक्रिया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नरेंद्र कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मालदा रैली, समाजवादी पार्टी, बीएमसी चुनाव, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विपक्षी दलों की नीतियों और विचारधाराओं पर सीधा हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी की मालदा रैली का समर्थन करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की वास्तविक स्थिति को देश के सामने रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घुसपैठियों को बसाने और एक विशेष समुदाय को ध्यान में रखकर तुष्टिकरण की राजनीति की, जिससे राज्य में हालात बिगड़े हैं। इस तरह की राजनीति ने न केवल लोकतंत्र को कमजोर किया, बल्कि आम जनता को भी नुकसान पहुंचाया है। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए नरेंद्र कश्यप ने कहा कि सपा सांसद यह अच्छी तरह जानते हैं कि उत्तर प्रदेश में गठबंधन के जरिए कई राजनीतिक प्रयोग किए गए। उन्होंने ‘दो लड़कों’ के प्रयोग का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे सभी प्रयासों का परिणाम अंततः समाजवादी पार्टी के खिलाफ ही गया है। उन्होंने पीडीए को लेकर कहा कि यह केवल चुनावी समय में वोट जुटाने का एक माध्यम है, जिसका जमीनी स्तर पर कोई स्थायी और वैचारिक आधार नहीं है। बीएमसी चुनाव और उद्धव ठाकरे पर टिप्पणी करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि उद्धव ठाकरे अब तक अपनी हार के कारणों को समझ नहीं पाए हैं, यह उनकी राजनीतिक समझ का विषय है। उन्होंने कहा कि जब तक बालासाहेब ठाकरे शिवसेना का नेतृत्व करते थे, तब तक पार्टी हिंदुओं की रक्षा, सम्मान और हिंदुत्व की राजनीति का नेतृत्व करती थी। कश्यप ने तंज कसते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे ने बालासाहेब ठाकरे के सिद्धांतों और विचारधारा को बदल दिया, यही कारण है कि मुंबई और महाराष्ट्र की जनता ने उनकी पार्टी को ही बदल दिया। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर गंभीर चिंता जताते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि वहां की सरकार असंवेदनशील रवैया अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याएं बेहद चिंताजनक हैं और भारत सरकार लगातार बांग्लादेश सरकार को आगाह कर रही है कि अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि बांग्लादेश सरकार जल्द स्थिति पर नियंत्रण करेगी। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नरेंद्र कश्यप ने कहा कि उन्हें यह याद रखना चाहिए कि देश का विभाजन जिन्ना, नेहरू और कांग्रेस की गलत नीतियों का परिणाम था। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को राष्ट्रवादी संगठन बताते हुए कहा कि यह संगठन देशहित में कार्य करता है और राष्ट्र निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।



