
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के तेज रफ्तार का ऐसा कहर टूटा कि पांच जिंदगियां खत्म हो गईं। हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में घुस गई और सामने से आ रही कार को रौंदते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे जा पलटी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कार सवार दो बच्चों समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस और कार में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बीते मंगलवार देर रात हरियाणा प्रांत के झज्जर शहर से बाबा ट्रैवलर की स्लीपर बस बिहार के नालंदा शहर के लिए रवाना हुई थी। बस को मोहित पुत्र रामनिवास, बल्लनगढ़ फरीदाबाद चला रहा था। बस में लगभग 80 यात्री सवार थे। बुधवार तड़के कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 230 के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित बस डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रही अर्टिगा कार में जोरदार टक्कर मारने के बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे जाकर पलट गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार 9 लोग संतकबीरनगर से वृंदावन धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। कार में फंसे लोगों को गैस कटर और कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बस सवार चालक समेत आधा दर्जन से अधिक घायल यात्रियों को भी बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आधा दर्जन यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला और क्षेत्राधिकारी हर्ष मोदी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतकों के शवों की शिनाख्त कर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को सूचना दे दी। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण बस का अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के चलते कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन क्षतिग्रस्त कार को हटाकर आवागमन सामान्य कराया गया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया।
कार सवार मृतकों की सूची
1- विनोद कुमार (45) पुत्र बदलू प्रसाद, निवासी ग्राम तेनुहारी सोयम, कोतवाली खलीलाबाद, जिला संतकबीरनगर
2- अंजू (40) पत्नी राजेश, मूल निवासी ग्राम करतारी, थाना पीपीगंज, जिला गोरखपुर
3- अमृता (6) पुत्री राजेश, मूल निवासी ग्राम करतारी, थाना पीपीगंज, जिला गोरखपुर
4- दिव्या (13) पुत्री अज्ञात, निवासी खलीलाबाद, संतकबीरनगर
5- धुनमुन (60) पुत्र अज्ञात, निवासी खलीलाबाद, संतकबीरनगर
कार सवार घायलों की सूची
1- आर्यन, निवासी ग्राम पाड़िया बघेरा, जिला संतकबीरनगर
2- रिदाशन, निवासी खलीलाबाद, संतकबीरनगर
3- प्रिया, निवासी पाड़िया बघेरा, जिला संतकबीरनगर
4- अपराजिता, निवासी खलीलाबाद, संतकबीरनगर
बस सवार घायलों की सूची
1- मोहित पुत्र रामनिवास (बस चालक), निवासी बल्लनगढ़, फरीदाबाद, हरियाणा
2- अन्नू देवी पत्नी शत्रुघ्न, बोधनगर, नालंदा, बिहार
3- सूरज (18) पुत्र रविन्द्र, निवासी विश्वविद्यालय दीप नगर, नालंदा
4- आनंदी (56) पुत्र मेघू माझी, दीप नगर, नालंदा
5- प्रमोद (25) बलेसर माझी, निवासी दरगाह, नालंदा
6- शंकर माझी (40) पुत्र राम माझी, निवासी घुड़सनी सोनौर, जम्मू-कश्मीर
7- खुशबू पुत्री शंकर माझी, घुड़सनी सोनौर, जम्मू-कश्मीर
8- रामकुमार पुत्र राम औतार (बस परिचालक), निवासी छिबरामऊ, कन्नौज



