
पुणे। पुणे शहर में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात वारजे मालवाड़ी इलाके में शिवसेना (शिंदे गुट) युवा सेना के पुणे प्रमुख निलेश राजेंद्र घारे की कार पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। यह हमला उस समय हुआ जब घारे अपने गणपति मठ स्थित जनसंपर्क कार्यालय में मौजूद थे। सौभाग्यवश, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार रात करीब 11:30 बजे बाइक सवार दो अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और घारे की काली कार पर कई राउंड फायरिंग की। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। वारजे मालवाड़ी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। घटना के समय कार में कोई नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। घारे ने पुलिस को एक व्यक्ति का नाम बताया है, जिस पर उन्हें संदेह है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना से राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है और राज्य में नेताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।




