HomeCrimeसड़क सुरक्षा पर सख्त हुए डीएम गौरांग राठी, बिना नंबर प्लेट और...

सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए डीएम गौरांग राठी, बिना नंबर प्लेट और छेड़छाड़ वाले वाहनों पर चलेगा विशेष अभियान

देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक यातायात तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों तथा चालान और निगरानी से बचने के लिए नंबर प्लेट को ढंकने, मोड़ने या अन्य तरीकों से छिपाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की संभावनाओं पर भी विचार किया गया, ताकि बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या का प्रभावी समाधान निकाला जा सके। बैठक में सड़क किनारे संचालित वाहन रिपेयरिंग वर्कशॉपों पर भी चिंता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे वर्कशॉप संचालकों को सार्वजनिक सड़कों पर मरम्मत कार्य न करने और सड़क पर अतिक्रमण न करने के लिए चेतावनी दी जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग के बीच समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments