Tuesday, May 19, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraविकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त सख्त: विभागीय योजनाओं की प्रगति...

विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त सख्त: विभागीय योजनाओं की प्रगति तेज करने के दिए निर्देश

झांसी, उत्तर प्रदेश। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार में विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त ने सभी मंडलीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालयों का नियमित निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं की प्रगति और पत्रावलियों के प्रबंधन की विस्तृत आख्या उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आम जनता तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में चारा प्रबंधन को लेकर विशेष चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने पशुपालन विभाग और कृषि विभाग को निर्देशित किया कि चारा नीति के तहत नेपियर घास के विकास के लिए भूमि चिन्हांकन कर कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही बड़ी गौशालाओं में चारा उत्पादन और कम्पोस्ट खाद निर्माण के लिए तकनीकी मॉडल विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ढेंचे के बीज उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने को भी कहा। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आबकारी, खाद्य एवं रसद, पंचायती राज, पशुपालन और बेसिक शिक्षा विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए। बैठक में किसान सम्मान निधि के लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण, कम पानी वाली फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने, निर्माणाधीन पीएमश्री विद्यालयों के कार्य जल्द पूर्ण कराने तथा गेहूं खरीद केंद्रों और खाद-बीज केंद्रों पर किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, छात्रवृत्ति प्रकरण, आधार सीडिंग, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को पोषाहार वितरण, बाल वाटिका, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, अभ्युदय योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण और निराश्रित गौवंश आश्रय स्थलों सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त सुरेश चन्द्र केसरवानी, संयुक्त निदेशक शिक्षा राजू राणा, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एस एन त्रिपाठी, अपर निदेशक पशुपालन ए के सागर, उप श्रमायुक्त किरन मिश्रा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments