
सीतापुर, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रसोइयों के लिए शुरू की गई कैशलेस चिकित्सा योजना एवं बढ़े हुए मानदेय के शुभारंभ के अवसर पर सोमवार को सीतापुर कलेक्ट्रेट सभागार में रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के लखनऊ से संबोधन और योजना के शुभारंभ का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि रसोइयों को मिलने वाला 2,000 रुपये मासिक मानदेय बढ़ाकर 3,000 रुपये किया जाएगा। इसके अलावा, रसोइयों के वस्त्र-परिधान के लिए मिलने वाली 500 रुपये की राशि बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में रसोइयों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, रसोइयों और उनके परिवार के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए पांच लाख रुपये तक का कैशलेस चिकित्सा बीमा उपलब्ध कराया जाएगा, जिसकी पहले कोई व्यवस्था नहीं थी।
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
सीतापुर में आयोजित समारोह का शुभारंभ राज्य कारागार मंत्री सुरेश राही, नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर ‘गुरुजी’, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नेहा अवस्थी, शिक्षक एमएलसी प्रतिनिधि पंकज पांडे, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
पांच रसोइयों को किया गया सम्मानित
मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण के बाद जनपद स्तर पर पांच रसोइयों को सम्मानित किया गया। उन्हें रसोइया परिधान किट (साड़ी, एप्रन, ग्लव्स, हेड कवर आदि), बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक तथा कैशलेस चिकित्सा बीमा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित रसोइयों, शिक्षकों, कार्यालय कर्मियों और अतिथियों को अल्पाहार कराया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।


