
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की जयंती के अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने उन्नाव सांसद डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज के आवास के समीप स्थित अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी स्मृति पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी का त्याग, बलिदान, साहस और राष्ट्रभक्ति सदैव समाज को प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और राष्ट्रहित के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रसेवा और समर्पण की अमिट मिसाल कायम की। इसके बाद विधायक पंकज गुप्ता विकासखंड सिकंदरपुर सरोसी के ग्राम जंगे नगर ऐरा भदियार पहुंचे, जहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने दोनों महापुरुषों के विचारों, आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को स्मरण करते हुए लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित रैली में भी विधायक पंकज गुप्ता ने सहभागिता की। उन्होंने कहा कि अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी का त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया जा सकता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

