
मीरा-भायंदर। मीरा-भायंदर महानगरपालिका क्षेत्र में मानसून पूर्व नाला सफाई कार्य में लापरवाही बरतने पर ठेकेदार कंपनी आशापुरा कंस्ट्रक्शन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। नगर निगम प्रशासन ने ठेकेदार पर पहली किश्त के भुगतान पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। यह कार्य 20 अप्रैल 2025 से शुरू हुआ था, जिसका उद्देश्य शहर की नालियों की प्रभावी सफाई कर मानसून के दौरान जलजमाव और बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित करना था। 20 मई को नगर निगम के आयुक्त एवं प्रशासक राधाबिनोद शर्मा (आईपीएस) ने शहर के विभिन्न स्थानों-आईएस बार एमएमआरडीए रोड, घोडबंदर भोकी, महाजनवाड़ी, पेनकरपाड़ा, सृष्टि कॉम्प्लेक्स और अयप्पा मंदिर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि कई स्थानों पर गाद पूरी तरह से नहीं हटाई गई थी और मशीनों का पर्याप्त उपयोग नहीं किया गया था। इस लापरवाही को नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए खतरा मानते हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग ने तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की। आयुक्त शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि, नाला सफाई का कार्य केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से दिखना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी कोई भी लापरवाही सामने आई तो और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मानसून से पूर्व सभी नालों की समयबद्ध और प्रभावी सफाई पूरी की जाएगी, ताकि नागरिकों को जलभराव और संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सके। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें। महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि शहर को मानसून के लिए तैयार और सुरक्षित बनाने हेतु सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।




