
झांसी, उत्तर प्रदेश। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह ने अपने जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए विकासखंड बंगरा के ग्राम मगरवारा स्थित गौ-आश्रय स्थल पहुंचकर गौवंश की पूजा-अर्चना की और उन्हें फलाहार कराया। उन्होंने गौवंश को गुड़-चना का प्रसाद भी खिलाया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने गौवंश के प्रति सम्मान, सेवा और संरक्षण का संदेश दिया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति में गौवंश का विशेष स्थान है। गौवंश की सेवा और संरक्षण हमारी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से गौवंश के प्रति सम्मान की भावना रखते हुए उनके संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। जन्मदिन के अवसर पर गौ-आश्रय स्थल पहुंचकर उन्होंने वहां संरक्षित गौवंश की पूजा-अर्चना की और फलाहार का भंडारा कराया। इसके बाद उन्होंने आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने गौवंश के लिए उपलब्ध चारा, पेयजल, साफ-सफाई, छाया तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि गौ-आश्रय स्थलों में संरक्षित गौवंश को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किया जाना चाहिए। पशुओं के स्वास्थ्य और पोषण के साथ-साथ आश्रय स्थलों की स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पशुओं के टीकाकरण की स्थिति की भी जानकारी ली और सभी गौवंश का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन अथवा अपने प्रियजनों के जन्मदिन पर उनके नाम से पौधा लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ उसका संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, बंगरा क्षेत्र के अन्य ग्रामवासी तथा सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहा।

