
लखनऊ, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के तहत आम जनता से सीधे संवाद किया। उन्होंने एक-एक कर सभी प्रार्थियों से मुलाकात की, उनके प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित व उचित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों, राजस्व से जुड़े अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों को गंभीरता से लें, लोगों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनें और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। ‘जनता दर्शन’ के दौरान अवैध कब्जे से जुड़े कई प्रकरण भी सामने आए। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थियों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर भी अधिकारी नियमित रूप से जनसमस्याएं सुनें और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाएं। कार्यक्रम के दौरान भावुक और प्रेरणादायक दृश्य भी देखने को मिले। ‘जनता दर्शन’ में पहुंची एक बच्ची ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सैल्यूट किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने उसे आशीर्वाद देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत करते हुए उन्हें चॉकलेट भी दी और शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा
‘जनता दर्शन’ में एक महिला अपने बच्चे के साथ पहुंचीं, जिनके बच्चे का इलाज केजीएमयू में चल रहा है। महिला ने मुख्यमंत्री से इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ प्रदेशवासी मेरा परिवार हैं। सरकार सभी के सुख-दुख में साथ खड़ी है। धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।
बच्चों का बढ़ाया हौसला, कविता सुनकर की सराहना
कार्यक्रम में मां के साथ आई एक बच्ची ने मुख्यमंत्री को कविता सुनाई, जिसे सुनकर मुख्यमंत्री ने उसकी सराहना की। उन्होंने बच्ची से स्कूल जाने और मेहनत से पढ़ाई करने का संकल्प दिलाया तथा उसके दाखिले के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बच्ची ने कविता के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया, जिसे सुनकर मुख्यमंत्री ने उसका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




