
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को दहिसर (पूर्व) और काशीगांव के बीच मेट्रो लाइन 9 के पहले चरण के ट्रायल रन और तकनीकी निरीक्षण का उद्घाटन किया। यह 13.5 किलोमीटर लंबा रेड लाइन 9 कॉरिडोर मीरा-भायंदर को मुंबई के अन्य हिस्सों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) द्वारा निर्मित इस मेट्रो परियोजना के पहले चरण में दहिसर, पांडुरंग वाडी, मीरागांव और काशीगांव चार स्टेशन शामिल हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने निरीक्षण के बाद कहा, “महा मुंबई मेट्रो लाइन 9 का तकनीकी परीक्षण आज सफलतापूर्वक किया गया है। यह लाइन मीरा-भायंदर और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले लाखों नागरिकों के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी परीक्षण के उपरांत काशीगांव से दहिसर (पूर्व) खंड को यात्रियों के लिए शीघ्र ही खोल दिया जाएगा। मेट्रो सेवा से पश्चिमी एक्सप्रेसवे पर यातायात दबाव कम होगा और मुंबईकरों को सुविधाजनक, तेज और सस्ती यात्रा का विकल्प मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान से बांद्रा तक पश्चिमी एक्सप्रेसवे पर ‘निर्बाध संपर्क’ प्रदान करने की दिशा में सरकार कार्यरत है। इस क्रम में एमएमआर क्षेत्र में पहली बार एक डबल डेकर स्ट्रक्चर (द्विस्तरीय पुल) बनाया गया है, जिसमें एक ही संरचना पर फ्लाईओवर और मेट्रो लाइन दोनों संचालित होंगी।
विरार तक मेट्रो कनेक्टिविटी का वादा
सीएम फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य मीरा-भायंदर से आगे विरार तक मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ाना है। विभिन्न मेट्रो लाइनों को आपस में जोड़ने से यात्रियों को ‘एक सिरे से दूसरे सिरे तक समाधान’ (एंड टू एंड सॉल्यूशन) प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वढन में प्रस्तावित बुलेट ट्रेन स्टेशन को मेट्रो नेटवर्क के साथ ‘एकीकृत’ किया जाएगा ताकि यात्री सुविधाएं और संपर्क प्रणाली और अधिक कुशल हो सके। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, मंत्री प्रताप सरनाईक, एमएमआरडीए के वरिष्ठ अधिकारी, मेट्रो परियोजना से जुड़े इंजीनियर और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।



