
मुंबई पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता होगी तेज
मुंबई। मुंबई और महानगर क्षेत्र में अपराध स्थलों पर त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने तथा 100 और 112 हेल्पलाइन नंबरों पर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के उद्देश्य से मुंबई पुलिस बेड़े में 1290 नए वाहनों को शामिल किया गया है। गुरुवार को नरीमन पॉइंट स्थित मुरली देवरा चौक पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में गृह (शहर) राज्यमंत्री योगेश कदम, देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त (प्रशासन) एस. जयकुमार सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। नए शामिल किए गए वाहनों में 657 दोपहिया और 633 चारपहिया वाहन शामिल हैं। चारपहिया वाहनों में स्कॉर्पियो और बड़ी आर्मर्ड (अर्मेनिया) गाड़ियां शामिल हैं। वर्तमान में हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों पर मुंबई पुलिस की औसत प्रतिक्रिया समय 5.30 मिनट है, जिसे इन नए वाहनों के शामिल होने से और कम करने में मदद मिलेगी। इससे अपराधों की शीघ्र जांच कर पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना संभव होगा। मुंबई पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत कुल 90 पुलिस थाने कार्यरत हैं। प्रत्येक पुलिस स्टेशन को पांच दोपहिया, चार स्कॉर्पियो और एक बड़ी आर्मर्ड वाहन इस प्रकार कुल 10 वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। ये चारपहिया वाहन मोबाइल डेटा टर्मिनल, जीपीएस प्रणाली और वाहन ट्रैकिंग सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकों से लैस हैं, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।




