Wednesday, May 13, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ईंधन और विदेशी मुद्रा बचत के लिए मंत्रियों...

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ईंधन और विदेशी मुद्रा बचत के लिए मंत्रियों के काफिले में वाहनों की संख्या आधी करने के दिए निर्देश

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन और विदेशी मुद्रा बचत को लेकर किए गए आह्वान के बाद महाराष्ट्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दो उच्चस्तरीय बैठकों में विभिन्न उपायों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों के काफिले में शामिल वाहनों की संख्या तत्काल प्रभाव से आधी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बाहर के दौरों के दौरान काफिले में निर्धारित संख्या से अधिक वाहन शामिल नहीं किए जाएं। इसकी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस आयुक्त या पुलिस अधीक्षक की होगी। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और अधिकारियों को अनावश्यक विदेश दौरे टालने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा गया कि अत्यावश्यक स्थिति को छोड़कर शासकीय विमान और हेलिकॉप्टर का उपयोग न किया जाए तथा उसकी जगह नियमित विमान सेवाओं का इस्तेमाल किया जाए। सरकार ने मंत्रियों और अधिकारियों को मेट्रो समेत सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने पर भी जोर दिया है। पहले चरण में सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करने का प्रयोग करने को कहा गया है। इसके अलावा अधिकारियों को बैठकों के लिए बार-बार बुलाने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन के विभिन्न विभागों को आवंटित सरकारी वाहनों की भी सख्ती से समीक्षा करने को कहा गया है। ऊर्जा बचत को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने अनावश्यक होर्डिंग्स और फ्लेक्स के खिलाफ कार्रवाई तेज करने तथा उन पर सजावटी रोशनी के उपयोग को रोकने के निर्देश भी दिए हैं। सरकार का मानना है कि इन उपायों से ईंधन, ऊर्जा और विदेशी मुद्रा की बचत के साथ प्रशासनिक खर्चों में भी कमी लाई जा सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments