
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, मनोधैर्य योजना से 10 लाख रुपये की मदद के निर्देश
पुणे। जुन्नर तालुका के पिंपळवंडी में साढ़े नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या की घटना के बाद उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने गुरुवार को गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और आरोपी को कठोर से कठोर सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। उपमुख्यमंत्री पवार ने पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल से मामले की जांच की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जांच में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। मामले की पारदर्शी, गहन और तेजी से जांच पूरी कर जल्द से जल्द आरोपपत्र दाखिल किया जाए, ताकि आरोपी के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। सुनेत्रा पवार ने कहा कि आरोपी को जल्द कठोर सजा दिलाने के लिए मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले के प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच करने और मजबूत साक्ष्यों के साथ न्यायालय में आरोपपत्र पेश करने को कहा। पीड़ित परिवार के पुनर्वास के लिए प्रशासन को शबरी घरकुल योजना के तहत तत्काल घर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा पिंपळवंडी में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और हाईमास्ट लाइट लगाने की कार्रवाई तत्काल शुरू करने को कहा गया है। बस्ती के नागरिकों को जाति प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किया जाएगा। पीड़ित परिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की मनोधैर्य योजना के तहत 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सहायता को न्यायिक समिति की मंजूरी मिल चुकी है और 10 लाख रुपये की राशि पीड़ित परिवार के बैंक खाते में जमा की जाएगी। इसके अलावा राष्ट्रवादी वेलफेयर फंड के माध्यम से भी परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। सुनेत्रा पवार ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार हर स्तर पर आवश्यक सहायता और सहयोग उपलब्ध कराएगी। इस दौरान विधायक शरद सोनवणे, पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल, जिला परिषद सदस्य छाया तांबे, कल्पना काळे, सोनाबाई दाभाडे, अमित बेनके, विकास दरेकर, देवराम लांडे, पूजा बुट्टे, सुप्रिया लेंडे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी धनंजय पाटील सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

