Homeउत्तर प्रदेशयूपी संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के लिए बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय पूरी तरह तैयार,...

यूपी संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के लिए बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय पूरी तरह तैयार, 72 जिलों में 1011 केंद्रों पर होगी परीक्षा

झाँसी, उत्तर प्रदेश। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 आयोजित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासनादेश के अनुसार यह राज्य स्तरीय परीक्षा 31 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। इस वर्ष उत्तर प्रदेश के 72 जिलों में बनाए गए 1011 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4 लाख 44 हजार 958 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को पारदर्शी, सुरक्षित और नकलविहीन बनाने के लिए बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) स्थापित किया गया है, जहां से प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर आधुनिक एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से स्ट्रांग रूम, परीक्षा कक्षों तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों की लगातार निगरानी की जाएगी। इसके अलावा इस वर्ष पहली बार विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों को बॉडी वॉर्न कैमरे भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि परीक्षा से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि की रिकॉर्डिंग और निगरानी सीधे कंट्रोल रूम से की जा सके। आज सुबह 5 बजे से विश्वविद्यालय के कुल 167 प्रतिनिधियों की टीम विभिन्न जिलों के लिए रवाना की गई। सबसे पहले देवरिया, बलिया, महाराजगंज, गोरखपुर और वाराणसी के लिए वाहन रवाना किए गए। विश्वविद्यालय के कुलपति मुकेश पाण्डेय ने वाहनों का पूजन कर विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों और वाहन चालकों को तिलक लगाकर रवाना किया। इस अवसर पर कुलसचिव ज्ञानेन्द्र कुमार, राज्य समन्वयक सौरभ श्रीवास्तव, राज्य सह-समन्वयक डी के भट्ट, काव्या दुबे सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments