
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए सात स्कूलों के प्रबंधन, प्राचार्यों और पदाधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। यह कार्रवाई उन संस्थानों द्वारा बीएमसी के नोटिस की अनदेखी करने और बिना वैध मान्यता के स्कूल संचालित करते रहने के आरोप में की गई है। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले मानखुर्द के 14 और गोवंडी के तीन गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जा चुकी है। अब ताजा कार्रवाई में ट्रॉम्बे और मानखुर्द क्षेत्र के सात अन्य स्कूलों को शामिल किया गया है। जिन स्कूलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें एकवीरा विद्यालय इंग्लिश स्कूल, अभिनव इंग्लिश स्कूल, पीस पब्लिक स्कूल, यूनिवर्सल इंग्लिश स्कूल, ट्रॉम्बे हिंदी स्कूल, क्वीन मैरीज़ इंग्लिश स्कूल (सभी ट्रॉम्बे स्थित) तथा मानखुर्द का न्यू आकाश इंग्लिश स्कूल शामिल हैं। बीएमसी ने इन संस्थानों को पहले नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर स्कूल बंद करने तथा अपनी सरकारी मान्यता से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। साथ ही नोटिस के संबंध में स्पष्टीकरण भी मांगा गया था। हालांकि, निर्धारित अवधि के भीतर किसी भी स्कूल प्रबंधन ने न तो संतोषजनक जवाब दिया और न ही मान्यता संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए। बीएमसी का कहना है कि नोटिस के बावजूद इन स्कूलों का संचालन जारी रहने की पुष्टि होने के बाद ट्रॉम्बे पुलिस से संपर्क कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। इसके तहत संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों, सचिवों और प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 (लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा) तथा बच्चों को निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई), 2009 की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध सरकारी मान्यता के किसी भी शैक्षणिक संस्थान का संचालन कानून का उल्लंघन है। ऐसे संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों और उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



