
बालाघाट, मध्य प्रदेश। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, शिक्षाविद् और राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर जिला भाजपा कार्यालय सहित जिले के संगठनात्मक 37 मंडलों और 1785 बूथों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपने जीवन और बलिदान के माध्यम से राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि था और भारत की अखंडता तथा वैभव ही उनका प्रमुख लक्ष्य रहा। उनके विचार और राष्ट्रभक्ति आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने अपने सिद्धांतों के लिए संघर्ष किया और राष्ट्रहित को हमेशा व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखा। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह मोहारे, किशोर अमूले, गोपाल आडवाणी, जिला कोषाध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी, जिला मंत्री सुधीर चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी हेमेन्द्र क्षीरसागर, जिला कार्यालय मंत्री सुमित यादव, नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रहित और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लेते हुए डॉ. मुखर्जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।



