
नई दिल्ली/मुंबई। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस के संयुक्त अभियान में आतंकी नेटवर्क से जुड़े दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों का संबंध जैश-ए-मोहम्मद से बताया जा रहा है और वे एक बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई मुंबई के कुर्ला और पास के खडावली इलाके में की गई, जहां छापेमारी के दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया। उनके पास से मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
जांच एजेंसियों का कहना है कि दोनों आरोपी ओडिशा से संचालित एक आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा हैं। इस नेटवर्क के हैंडलर्स भी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर हैं और उनकी तलाश जारी है। फिलहाल दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ला रही है।
सूत्रों के अनुसार, राजधानी दिल्ली में एक बड़े धमाके की साजिश रची जा रही थी, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया। इस मामले में आपराधिक साजिश (क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी) का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इसी कड़ी में, उत्तर प्रदेश एटीएस ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रेटर नोएडा के छपरौला इलाके से लोकेश उर्फ पपला पंडित और उसके साथी विकास को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा शाकिब उर्फ डेविल और अरबाब को भी हिरासत में लिया गया है।
जांच में सामने आया है कि लोकेश और विकास एक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे। एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क का मकसद देश में अशांति फैलाना था, खासकर आगामी चुनावों से पहले माहौल को अस्थिर करने की साजिश रची जा रही थी।
सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि देश के अन्य हिस्सों में भी इस मॉड्यूल के तार जुड़े हैं या नहीं।




